Uncategorized

आज के नाम और आज के ग़म के नाम

ऐसा माना जाता है कि दुनिया में इतना लिखा जा चुका है कि अब जो भी लिखा जा रहा है वो मात्र पुनरावृत्ति है। इस बात से इत्तफाक न रखते हुए फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ ने निहायत ख़ूबसूरत तरीके से बयां किया और कहा – ‘ आज के नाम और आज के ग़म के नाम ‘ इस मिसरा ने हमें सलाहियत दी कि हर दौर का अपना दर्द, तकलीफ़ और संघर्ष होता है जिसके लिए ये अल्फ़ाज़ हमेशा मौजूं रहेंगे। इसी ख़याल से इत्तिफ़ाक़ रखते हुए हम दुनिया की बेहतरी की उम्मीद की डोर थामें चल रहे हैं।

दुनिया के बाशिंदों ने हिंसा, घृणा, दुश्मनी, प्रतिस्पर्धा और विनाश से भारी दुनिया बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है इस दिशा में बढ़ने की गति तो दूसरे गृह में जाने वाले उपग्रह की गति से भी तेज़ महसूस हो रही है । समाज की नब्ज थामने वाली इंसानियत को पीछे छोड़कर अपनी ताकतवर उपस्थिति के आगे वे नतमस्तक हैं और किसी अंधी दौड़ को ही अपना मुकाम समझे हुए हैं । कुदरत की इस एहसान फ़रामोश भीड़ से दो-चार होने और सही को सही और ग़लत को ग़लत कहने का साहस करने के लिए फ़ैज़ को पढ़ने के साथ-साथ जीना पड़ता है बकौल फ़ैज़

दिल ना-उमीद तो नहीं नाकाम ही तो है
लम्बी है ग़म की शाम मगर शाम ही तो है

फ़ैज़ के इस शेर के साथ हम चलने की कोशिश कर रहे हैं इस कोशिश में, इस सफ़र में अनगिनत हमराही हैं जिनसे हौसले की प्राण वायु है। असल प्राण वायु इप्टा के नन्हे, किशोर और युवा साथी हैं जो ईंधन का काम करते हैं। इस बार 20 नवंबर को फ़ैज़ को याद करने के लिए पूर्व निर्धारित मुशायरा पर सबकी सहमति बनीं पर ये पिछले मुशायरों से इस मामले में जुदा था कि हम ‘तरही’ मुशायरा न करके शायरों को जंग के साये तले जी रही दुनिया और फ़ैज़ को जहाँ में रखते अपनी जमीन ख़ुद तलाशने की दरख़्वास्त किए और संदेश साझा किया कि –

दुनिया में आज हम बारूद की गूँज और जंग के साये तले जी रहे हैं जब नफ़रत और हिंसा आम हो चली है ऐसे वक़्त में अदब की ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है कि हम अमन, चैन के साथ मोहब्बत के नग़मे गायें, अपनी आवाज़ को बुलंद करें। इंक़लाब,मोहब्बत और अवाम के चहेते शायर फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ के स्मृति दिवस के (20 नवम्बर) ख़ास मौके पर हम ‘ जंग के ख़िलाफ़, अमन के लिए ‘ मुशायरा’ का आयोजन करने जा रहे हैं। हमारा यह मानना है कि यह सिर्फ़ एक महफ़िल नहीं बल्कि इस मौके पर हम “जंग के ख़िलाफ़, अमन के लिए” एक शाम का आग़ाज़ करने जा रहे हैं। यह सिर्फ़ एक महफ़िल नहीं, बल्कि शेरो-शायरी के जरिए अमन का एक पैग़ाम है। इस मुशायरा सह कवि सम्मेलन में हम आपको अपनी प्रतिरोधी और अमन-पसंद रचनाओं के साथ शिरक़त करने के लिए दिल से आमंत्रित करते हैं। आपसे गुज़ारिश है कि इस मौक़े के लिए विशेष रूप से अपनी ऐसी नज़्म, ग़ज़ल या कविता तैयार रखें जो:

  • फ़ैज़ साहब के फ़लसफ़े और उनके ख़्वाबों की ताबीर को बयां करती हो।
  • जंग और हिंसा की विभीषिका के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाती हो।
  • इंसानी रिश्तों, अमन और भाईचारे की वकालत करती हो।

शायरों को दावत देते का ये सिलसिला हम कछ वर्षों से कर रहे हैं जिसमें हमारी कोशिश रहती है कि साल में दो बार स्थानीय शायरों, कवियों को सुन पाएं जिससे इप्टा की नई पौध कुछ सीख पाए, सुन पाए और इस पर अमल कर पाए। इस बार का मुशायरा इस लिए भी ख़ास रहा, यादगार बना क्योंकि इस बार के मुशायरे की सदारत की मशहूर शायर असलम बद्र साहब ने।

बाएं से अहमद बद्र,शमीम मदनी, सदारत कर रहे असलम बदर,निज़ामत करते संजय सोलोमन, नज़ीर अहमद नजीर

असलम बद्र साहब वो हस्ती हैं जिन्होंने 13 वर्ष की उम्र में पहले मुशायरे में शिरकत की थी और अभी 82 साल तक यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। उन्होंने इप्टा की दावत कबूली यह हमारे लिए ख़ास है । असलम बद्र साहब की बूंद समंदर,कुन फ़याकून, पिंदार के सनमक़दा, सफ़र और साये , साग़र-ए-जुम-जाम-ए-सिफ़ल ख़ास हैं।असलम बद्र साहब से जुड़ी जानकारी आप Rekhta के इस लिंक में पढ़ सकते हैं –

https://www.rekhta.org/poets/aslam-badar/profile?lang=hi#

शयार असलम बद्र और कॉमरेड शशि

मुशायरा के हमारी सिलसिले ने इस बार हमें बाग-बाग कर दिया और फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ के यौम-ए-वफ़ात में 3 नए कवि का अंकुरण हुआ। उन्हें आज के हालात पर कलाम लिखने का आग्रह किए। हम कोशिश कर रहे हैं कि बच्चों के साथ पढ़ सकें और मिलकर समझ बढ़ा सकें। इस क्रम में मुशायरा से पहले बच्चों के साथ बात की । ये हमारे समय की विडंबना है कि बच्चों के साथ सपनों और कोमल भावनाओं की बातें छोड़कर हमें युद्ध, जंग की बातें करनी पड़ रही हैं। लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन, इजरायल-फलिसतीन, अमेरिका ईरान युद्ध की विभीषिका हम देख रहे हैं और मनुष्यता की कब्र खुदते देखने के लिए अभिशप्त हैं । दुनिया में जहां भी जंग होती है वहाँ के नागरिकों में सबसे ज़्यादा बेकसूर मासूम बच्चे, स्त्रियाँ और बूढ़े प्रभावित होते हैं। हम मानते हैं कि दुनिया एक है और इस विभाजित दुनिया को एक साथ लाने के बड़े मक़सद के साथ हम बढ़ रहे हैं।

लिटिल इप्टा के बच्चों और किशोर साथियों के साथ मौजूदा हालात में चल रहे युद्ध और उससे जुड़ी बातों पर चर्चा होती है। साइकिल जैसी पत्रिका बच्चों के लिए अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं जिसमें जंग के साये में जी रहे बच्चों की डायरी के अंश, अनुभव और कविताएं बच्चों की मनःस्थिति को समझने में सहायक है। इस कोशिश में महत्वपूर्ण पड़ाव तब आया जब हमारे प्रिय साथी विनीत तिवारी जमशेदपुर आकर हमें अपनी फलिसतीन यात्रा के अनुभव के साथ वहाँ के आँखों-देखी हालात को साझा किया।

पुनः लौटते हैं फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ को याद करने वाले दिन में जिसमें लिटिल इप्टा के साथियों ने पहली बार अपनी कविताएं पढ़ीं।

नन्हे, किशोर साथियों से बात करते सत्यम

हमेशा से यह महसूस होता है कि साहित्य पढ़ते हुए हमारे अंतर्मन में चल रही विचारों और अनुभव की जाने वाली बातों को दर्ज़ किया जाना चाहिए जिससे समझ की स्पष्टता आती है । यही प्रक्रिया इप्टा के साथियों के साथ चलाने की छोटी सी कोशिश की जाती है । जब किशोर साथियों से मुशायरा का विषय साझा किया तो उस पर बात की गई और सभी बच्चों ने इसमें बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। उन्हें पूर्व पठित सामग्री के अलावा कॉमरेड विनीत तिवारी के अनुभव याद करने को कहने के बाद पूछा –

‘जंग/युद्ध शब्द सुनने से कौन सा एक शब्द जहाँ में आता है?

जवाब में कुछ शब्द आए जिन्हें यहाँ साझा कर रही हूँ =

  • लड़ाई
  • मारपीट
  • भगाना
  • गाली देना
  • भूखमरी
  • संघर्ष
  • पाबंदियाँ
  • अशान्ति
  • समुदाय का खात्मा
  • बंटवारा
  • शक्ति प्रदर्शन
  • जंग करवाने वाले सुरक्षित
  • अपने देश में ख़ुद ग़ुलाम बन जाना
  • एक देश का दूसरे देश से झगड़ा करना
  • अपना हुक्म जमाना
  • युद्ध में पहले जैसे कुछ नहीं रहा जाना
  • चकनाचूर, विस्थापन, बेगुनाहों की जान जाना
  • कब्ज़ा करना,बिछड़ना
  • छोटी बातों में लड़ना, विनाश, प्रदूषण (वायु, जल,ध्वानि)

हम सभी कैसा जीवन चाहते हैं ? इस पर जवान आया –

  • अच्छा
  • शांत
  • शानदार

युद्ध कौन कराता है ?

  • जिनको ज़्यादा पॉवर चाहिए*
  • नेता*
  • अमीर लोग जो हथियार बनाते हैं ।

इस बातचीत के बाद दिव्या, सुरभि और वर्षा ने कविता लिखी जो इस मुशायरा का हासिल रहा। उनकी कविताओं को यहाँ साझा कर रही हूँ। सुजल इन साथियों से थोड़ा पहले कदम बढ़ चुके हैं वे भी कविता लिख रहे हैं और इससे पहले के मुशायरा में शिरकत कर चुके हैं । –

जंग क्यों? – सुरभि

सब भींग रहे हैं जंग की बरसात में

शांति की छतरी किसी के पास नहीं

जब तुम कहते हो हम सब एक हैं

तो फिर कहो ये जंग क्यों?

कहते हो तुम मेरे पास दिल है

तो तब तुम्हारा दिल कहाँ जाता है

जब बच्चे, बूढ़े घायल हो रहे हैं

बेगुनाह मर रहे हैं .

सब अपनों के पास होते हुए भी बिछड़ जाते हैं

सबके पास हथियार और तलवार है

किसी के पास सहारा का हाथ नहीं

बच्चों के हाथों में खिलौने अच्छे लगते हैं, बंदूकें नहीं

उनके सपने अच्छे लगते हैं

जब तुम कहते हो

हम सब एक हैं

तो फिर ये जंग क्यों ?

हालात ए जंग

दिव्या

किसी माँ की गोद किसी बेटी की मांग तो

किसी का घर-परिवार उजड़ गया

किसी के पास अपनों की यादें हैं

किसी के पास बस याद रह गई है

जहाँ जीत के पीछे

किसी अपने के लौटने का इंतज़ार है

ज़रा उन घरों का हाल भी पूछो

जहां मातम का पहरा है

बच्चों की हंसी से ज़्यादा

हथियार गूंज रहे हैं

ख़्वाबों के राख से

जीत का महल बनाया जा रहा है

वो जो बेगुनाहों का ख़ून बहाकर

अपनी जीत का जश्न मनाते हैं

उन्हें मनाने दो अपनी जीत का जश्न

मैं अपनी हार की ही सही

लेकिन

अपनी ज़िन्दा रूह और भाईचारे के साथ

अपनी हार का जश्न मनाऊँगी ।

लाशों का ढेर पर बना ताज अगर

उन्हें गवारा है

तो मुझे

जीत से ज़्यादा दुनिया का सुकून प्यारा है

वो जो धर्म के नाम पर

नफ़रत की दीवार उठाया रहे हैं

आओ मिलकर नफ़रत की दीवार गिराएं

मोहब्बत का हथियार इस्तेमाल करें ।

धमाकों के शोर में खो गई नन्हीं सी किलकारी,
सहमी सी बैठी है मासूमियत बेचारी।
और बच्चों की बदल गई रातों-रात दुनिया,
किताबों की जगह, हाथों में आ गईं उदासियां।

बचपन

वर्षा

जिन्हें थामनी थी हाथों में रंगों की किताब,
वो मलबे में ढूंढ रहे अपने अधूरे ख्वाब।
जो उम्र थी ख्वाब बुनने और सवरने की,
वो उम्र बन गई है अपनों को खोने और बिखरने की।

ना अब स्कूल का आंगन, ना दोस्तों का याराना,
हर तरफ बस चीखें हैं और मलबे का घराना।
भविष्य के हसीन सपने धुएं में उड़ गए,
उम्मीदों के सारे रास्ते बारूद की तरफ मुड़ गए।

पहचान की तलाश थी, मिला शरणार्थी टैग।
पीछे छूट गया घर, हाथ में है बस एक बैग,
मां की गोदी छूटी, पिता का ढला साया ,
इस कच्ची उम्र के कंधों पर आया असमय दुखों का साया

जीत चाहे जिसकी हो, पर हारता इंसान
है,
युद्ध की इस आग में झुलसता बचपन नादान है।
हथियार छोड़ो, अब अमन का पैगाम दो,
इन मासूमों को इनका खोया हुआ कल लौटा दो।

इंसान

सुजल

जंग से मारता है इंसान

जंग भी करता है इनसान

अपनों को खोटे हुए रोता भी है

पर औरों की जान लेता हैं इंसान

लोगों को गँवाकर जीत का जश्न मनाएं

ऐसा ख़ुदगर्ज भी होता है इंसान

एक हसीं फूल के दर से

जंग की आग भड़काता है इंसान

लिपि बनाई,भाहसा और शब्द बनाए

पर शांति ,यमन का मतलब भूल गया इंसान अपने अंदर ज़िन्दा रखो इंसानियत

वरना क्या पता सुनना पद जाए ‘एक था इंसान ‘

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *