Uncategorized

बच्चों के बारे में जानने की गतिविधियों का अनुभव- एक दूसरे को जानने का खेल

मुखी बस्ती में अंबेडकर के साथ लिटिल इप्टा के बच्चे

आज जब बच्चे आए तो उनमें साहिल अपनी चंचलता से बाकियों को कुछ कहने या करने नहीं दे रहा था। बोलने पर भी वो अपनी धुन में था। अचानक लगा कि क्यों न सबके साथ एक खेल खेला जाए क्योंकि बाकि बच्चे उसके बारे में कुछ न कुछ कह रहे थे जिसे सुनकर लगा कि इस तरह की बातें सुनकर जो कि उसकी तारीफ़ में नहीं बल्कि उसकी कमियों को बताती हैं उसे उकसा रही थी। जैसे ही बच्चों को कहा कि आज एक खेल खेलते हैं तो सभी बच्चे गोले में आ गए। यह खेल पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी पढ़ने वाले बच्चों के साथ खेला। इस खेल को खेलने वाले बच्चों के परिवार दैनिक मजदूरी करने वाले हैं जिसमें स्त्रियाँ घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत हैं।

खेल और उसके नियम

बच्चों को कहा चलो आज एक-दूसरे को जानने का खेल खेलते हैं।

पहला नियम गोले में बैठे बच्चों के बारे में आप क्या जानते हो, अपनी बारी आने पर हर कोई कोई किसी एक के बारे में एक-एक बात बताएंगे। पहले नियम का चक्र लगभग 6 से 7 बार चलाया। इसमें सभी बच्चों ने अधिकतम बार गोले में बैठे बच्चों की कमियों को उजागर किया। इन कमियों में सभी बच्चों की बातें थी और सभी ने साहिल की कमियों को बताया जो कि आगे लिखी हैं –

  • स्कूल, ट्यूशन में न पढ़ने और होमवर्क नहीं करना
  • दूसरों पर हाथ उठाना
  • खेलते समय और मोबाइल देखते समय परेशान करने की बातें
  • अभिषेक का गला चीपता है
  • जब खेलते हैं तो बात नहीं सुनता
  • साइकिल चलाते समय साइकिल के पीछे की सीट पकड़ लेता है
  • अपनी बहन की बात नहीं सुनता
  • ट्यूशन में हर रोज़ मार खाता है
  • खेलते समय दाम नहीं देता
  • चीटिंग करता है।
  • उसकी बहन जब कुछ करती है तो वो परेशान करता है, उसे मारता है, सोते समय मारता है।
  • साहिल दिन भर फोन देखता और खेलता है।

 यह तो हुई साहिल के बारे में जानने की गुंजन, अनन्या, श्रवण और अभिषेक की बातें। इसमें अभिषेक ने बस साहिल या किसी अन्य बच्चे के बारे में शिकायत नहीं दर्ज की।

अभिषेक ने स्वयं की बात/कमी साझा कि वो कल से सुजल भैया से बात नहीं कर रहा है। इसके अलावा दूसरों के बारे में बोलने पर भी किसी भी प्रकार की कमी के बारे में नहीं कहा।

साहिल ने तमाम शिकायतें सुनीं और उसके बाद उसने कहा गुंजन जो उसकी बड़ी बहन उसे हर रोज़ मारती है,जब हम फोन देखते हैं तो गुंजन हमें फोन देखने नहीं देती  इसके बाद जो उसने कहा वो उसकी खूबियों को दर्शाता है उसने कहा कि-

  • हम अनन्या और गुंजन को मारते रहते हैं
  • उन्हें परेशान भी करते हैं
  • अनन्या होमवर्क नहीं करती है
  • हम हर रोज़ खेलते हैं।

इस खेल में इस राउंड में महसूस हुआ कि अगर कोई बच्चा लगातार किसी को तंगाता है तो सभी बच्चों के अवलोकन का फोकस उसकी तरफ चला जाता है इसके अलावा इसकी भी संभावना होती है कि खेल की शुरुआत जिस बच्चे ने साहिल की कमी से की तो सभी का ध्यान सहज ही उसकी तरफ चला गया। इस चक्र में बस 2-3 वाक्य ही किसी की खूबी या पसंद को लेकर रहे।

दूसरा चक्र  इस खेल में अगला राउन्ड कराया स्वयं की खूबी के साथ कमरे में उपस्थित लोगों के बारे में बताने का। इसे सबसे पहले श्रवण ने शुरुआत की-

  1. श्रवण ने अपने बारे में अच्छे से बताया कि-
  2. किस तरह से खेलते समय सबको खिलाता है।
  3. किसी की अनुपस्थिति में टीचर जब लिखाती है तो उसको कॉपी देता है।
  4. अब चीटिंग नहीं करता।
  5. दोस्त लोग तंगाने के लिए दूसरों का स्वेटर मेरे बैग में रख देते हैं तो उसे उन्हें वापिस दे देता हूँ।
  6. कोई दोस्त को मारता है तो उसे बचाता हूँ।
  7. दोस्त के पास कुछ नहीं रहता तो उसे देता हूँ।
  8. खाने का सामान भी शेयर करता हूँ। सबके साथ बैठते हैं खाना भी खाते हैं, बात करते हैं और लड़ाई-झगड़ा नहीं करते।
  9. काव्या से कुछ भी मांगने पर वह सबसे  शेयर करती है।

2.गुंजन-  गुंजन दूसरी में पढ़ती है और बहुत स्पष्ट तरीके से बात कहती है। उसने कहा कि –

  • जब मेरे को कोई मारता है तो हम नहीं मारते।
  •  टिफिन शेयर करते हैं।
  • होमवर्क रोज़ करते हैं।
  • काव्या किसी से भी नहीं लड़ती, जो भी खाती है हमको देती है।
  • वर्षा दीदी पढ़ाई करती है।

3.अनन्या बहुत छोटी है उसने कहा कि

  • हम रोज़ पढ़ते हैं टॉप करते हैं।
  • दोस्तो को टिफिन शेयर करते हैं।
  • जब स्कूल में कोई बच्चा किताब नहीं लाता तो साथ में पढ़ाते हैं।
  • घर में जो हमारे पास रहता है उसे गुंजन से शेयर करते हैं।
  • दीदी आप अच्छी हैं।
  • गुंजन पढ़ती और खेलती है।
  • टीचर गुंजन को डांटती नहीं है।

4.अभिषेक ने कहा कि-

  • भाई को बचाने के लिए सबको डांट लगाते हैं।
  • काव्या एक अच्छी लड़की है वो किसी से भी नहीं लड़ती।
  • अच्छा नागरिक बनेंगे।

जब पहली में पढ़ने वाले अभिषेक से पूछा कि अच्छा नागरिक क्या होता है तो उसने कहा अच्छा नागरिक यानि इंसान। मनुष्य और इंसान के बीच की विभाजन रेखा जो मूल्यों पर निहित है यह समझना और अभिव्यक्त करना तसल्ली देता है। अभिषेक को सपने में आता कि कि वह शिवजी बन गया है इससे महसूस होता है कि घर और अपने आसपास में ईश्वर के अजूबे और शक्ति की कितनी बातें उस नन्हे कानों तक जाती होंगी।

5.काव्या काव्या यानि मानी ने दोनों चक्र की बात एक साथ रखी क्योंकि वह देर से आई। देरी की वजह थी छोटे भाई को वह देख रही थी। उसने किसी के भी बारे में कुछ भी नकारात्मक बातें नहीं कही जैसा कि अभिषेक ने किसी के बारे में नहीं कहा था। उसने बताया कि-

  • गुंजन हर रोज़ उसके साथ रहती है।
  • उसे गुंजन और अनन्या के साथ खेलना पसंद है।
  • अभिषेक को स्कूल में किसी ने मारा तो हम हेल्प किए।

6.साहिल को अपने बारे में क्या अच्छा है या क्या खूबी है तो उसे यह समझ ही नहीं आया और उसने धारा-प्रवाह अपने बारे में कहना शुरू किया जो किसी कविता-सा लगा-

  • सुजल भैया सिर्फ बुक पढ़ते रहते हैं
  • हम रोज़ कलर करते हैं
  • हम सबको मारते हैं
  • केला गाछ में छिपकली जैसा लटकते हैं
  • अमरूद गाछ में बंदर के जैसे चढ़ने की कोशिश करते हैं
  • सपने में नदी में चढ़ने की कोशिश करते हैं
  • लाइट में, परदा में, पंखा में लटकने का मन होता है
  • तकिया को लेकर उड़ जाते हैं
  • टोपी लेकर उड़ जाते हैं

साहिल की बातों में हम बड़ों की समझ अलग तरह से काम कर सकती है पर उसकी  कल्पना ने अभिभूत कर दिया। जिस अंदाज में उसने अपने को अभिव्यक्त किया वो चकित भी की। यह सारी बातें वह लगातार बोल रहा था और हर विराम पर उसे कह रहे थे कि अपनी खूबियों के बारे में बताओ। अभी लिखते हुए कल की घटना को महसूस कर पा रही हूँ। कहते हुए उसकी आवाज में मज़ा और हंसी भी शामिल थी। अंततः उसने याद करके एक खूबी अपने बारे में बताई कि उसने आज अभिषेक की छोटी बहन को कुँआ में गिरने से बचाया।

खेल के माध्यम से हम बच्चों के अंतर्मन को समझ पाते हैं। बड़ों के सामने वे बड़ों के जैसे ही रहने की कोशिश करते हैं। उन्हें बतौर बच्चे जैसा महसूस करने और वैसा समझने के लिए मानसिक खेल सहायक होता है। यह खेल भी सोचा-समझा नहीं था बस जब बच्चों ने साहिल की शिकायत करना शुरू की तो अचानक से यह सूझा और कितनी खूबियों और उनके अवलोकन की दृष्टि को समझने में यह खेल सहायक हुआ।

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *